• Sun. Aug 30th, 2026

    लाइन बाजार पुलिस ने चार शातिर चोरों को दबोचा, तमंचा-कारतूस समेत चोरी का सामान और नकदी बरामद

    Share

    जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लाइन बाजार पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, चोरी का सामान और 18,500 रुपये की नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में लाइन बाजार पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना लाइन बाजार में दर्ज चोरी के दो मुकदमों में वांछित थे।

    पुलिस के मुताबिक 29 अगस्त को पचहटिया स्थित एसके मोटर्स में चोरी की घटना हुई थी। इसके अलावा 28 अगस्त को विशेषरपुर स्थित संतोष मशीनरी एवं टाइल्स स्टेशनरी स्टोर और होंडा एजेंसी से भी चोरी की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने इन घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनकी तलाश शुरू की।

    पुलिस जांच में आरोपियों का संबंध गौराबादशाहपुर और आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की कई अन्य घटनाओं से भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ग्राम कबरुद्दीनपुर, बमैला, बाबू की खजुरी और मालपुर में घरों में घुसकर चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया था।

    गिरफ्तार आरोपियों में बाबर अली उर्फ सलमान निवासी चोरसंड थाना गौराबादशाहपुर, प्रतिकेश उर्फ लकी निवासी पचहटिया थाना लाइन बाजार, मोहम्मद मासूम निवासी बड़केबाड़ा मोड़ थाना खेतासराय तथा हर्ष उर्फ बाबू विश्वकर्मा निवासी पचहटिया थाना लाइन बाजार शामिल हैं।

    पुलिस ने बाबर अली के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 4500 रुपये और सफेद धातु की दो जोड़ी पायल बरामद की। प्रतिकेश उर्फ लकी के पास से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 5500 रुपये मिले। हर्ष उर्फ बाबू के कब्जे से एक चाकू और 5000 रुपये तथा मोहम्मद मासूम के पास से एक चाकू और 3500 रुपये बरामद किए गए।

    पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।

    गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक केके सिंह, उपनिरीक्षक रामप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक रामकेवल यादव, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव, कांस्टेबल राहुल यादव, कांस्टेबल विजय यादव, कांस्टेबल शिवांशु ओझा तथा रिजर्व कांस्टेबल साजन थाना लाइन बाजार शामिल रहे।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *