जौनपुर। मां लालती ताइक्वांडो क्लब में रविवार को उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संगठन के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में जनपद के 40 खिलाड़ियों को कलर बेल्ट एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक सुषमा पटेल, मिशन वीरांगना ट्रस्ट की अध्यक्ष शिवानी मिश्रा, राष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी अजीत सिंह, राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रियंका सिंह, सिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. सैफ खान तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष पियूष गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी सहभागिता की।
जौनपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव प्रवीण मिश्रा ने बताया कि ताइक्वांडो खेल में बेल्ट प्रणाली के तहत प्रत्येक दो से तीन माह पर खिलाड़ियों की परीक्षा ली जाती है और प्रदर्शन के आधार पर अगली बेल्ट प्रदान की जाती है। ब्लैक बेल्ट इस खेल की सर्वोच्च श्रेणी मानी जाती है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों मास्टर विराट मिश्रा, श्रेयांश सिंह पटेल, आयुष्मान सिंह एवं अंतिम यादव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं वीरांगना सम्मान के तहत राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रियंका सिंह, योग गुरु शिप्रा सिंह, कृष्णा सिंह, गीता देवी, रीता देवी एवं इंदु सिंह को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मिशन वीरांगना ट्रस्ट की अध्यक्ष शिवानी मिश्रा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।


