जौनपुर। वाजिदपुर स्थित अपना दल (एस) पार्टी कार्यालय में रविवार को पार्टी की मासिक बैठक संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय सचिव श्री पप्पू माली द्वारा पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री शिवनाथ पटेल ने तथा संचालन श्री उदयभान पटेल ने किया। इस अवसर पर जौनपुर जिला संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों का राष्ट्रीय सचिव श्री पप्पू माली ने माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अनुप्रिया पटेल के हाथों को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेगा।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री पप्पू माली ने कहा कि अपना दल (एस) ने मिशन 2027 की तैयारियां अभी से बूथ स्तर तक प्रारंभ कर दी हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 15 जून को सुल्तानपुर जनपद में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अनुप्रिया पटेल की अध्यक्षता में बूथ अध्यक्षों का विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार के कार्यक्रम प्रदेश के प्रत्येक जिले में आयोजित किए जाएंगे, जिससे संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को यह ध्यान रखना होगा कि विधानसभा चुनाव समय से पहले भी हो सकते हैं। इसलिए प्रत्येक बूथ पर बूथ प्रभारी और संगठनात्मक ढांचा समय रहते पूरी तरह तैयार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है, क्योंकि सभी समाजों के सहयोग और सहभागिता से ही वास्तविक सामाजिक उत्थान संभव है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अनुप्रिया पटेल इसी उद्देश्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही हैं और हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।

उन्होंने यह भी बताया कि 2 जुलाई को पार्टी संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल होकर डॉ. सोनेलाल पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
विशिष्ट अतिथि श्री गेहकरन पटेल ने कहा कि पार्टी मिशन 2027 तक दबे-कुचले, पिछड़े एवं वंचित समाज के बीच एक व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी और घर-घर जाकर लोगों को संगठन से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर ऐसा वातावरण बनाना है जिससे मिशन 2027 में श्रीमती अनुप्रिया पटेल को उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत नेतृत्व प्रदान किया जा सके।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष श्री शिवनाथ पटेल ने कहा कि जौनपुर जिला इकाई एक मजबूत एवं सशक्त टीम के साथ आगामी विधानसभा एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है। उन्होंने कहा कि मिशन 2027 के तहत जौनपुर की कम से कम तीन विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त कर संगठन को और मजबूत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं।

बैठक में मुख्य रूप से अनिल जायसवाल, विनोद यादव, मानसिंह पटेल, डॉ. प्रदीप पटेल, हरीराम वर्मा, सुरेश प्रजापति, जयप्रकाश पटेल, डॉ. नरेन्द्र बहादुर पटेल, उदयभान पटेल, इन्द्रभूषण सिंह, ओमप्रकाश मौर्य, राजेश निषाद, संदीप पटेल, संजय पटेल, कामता प्रसाद पटेल, अनिल मौर्य, संजय माली, नीरज वर्मा, समर बहादुर पटेल, केशव यादव, बजरंगी पटेल, सूरज पटेल, डॉ. केशव पटेल,इंजीनियर ब्रिज मनी पटेल, डॉक्टर मनीष यादव,सत्येंद्र सिंह, कृष्णा सिंह, राजेंद्र प्रजापति, शिव माली त्रिलोकीनाथ मिश्र, संतोष गुप्ता, राजेश पटेल, सत्येन्द्र कुमार पटेल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन की मजबूती और मिशन 2027 के प्रति उनके उत्साह को प्रदर्शित किया।


