जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र के ऊदपुर घाटमपुर गांव में तेज आंधी और बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वर्षों पुराना विशाल नीम का पेड़ अचानक एक रिहायशी छप्पर और सीमेंटेड शेड पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि घटना से कुछ क्षण पहले ही अंदर मौजूद लोग बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार को आंधी और बारिश के दौरान नीम के पेड़ से तेज चरमराहट की आवाज आने लगी। पेड़ के झुकने का आभास होते ही छप्पर और शेड के भीतर मौजूद लोग सतर्क हो गए और तुरंत बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ही सेकंड बाद विशाल पेड़ भरभराकर पूरे ढांचे पर गिर पड़ा।
घटना में गांव निवासी राम बुझारत सरोज, रामचंद्र सरोज, संजीत सरोज और शोभावती के परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए। हालांकि पेड़ गिरने से रिहायशी छप्पर और सीमेंटेड शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद परिवार के लोगों में दहशत का माहौल रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि परिवार के लोग समय रहते बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ के नीचे दबकर कई साइकिलें, एक ठेला तथा घरेलू उपयोग का अन्य सामान भी टूट गया। पीड़ित परिवार ने हजारों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने क्षतिग्रस्त मकान और सामान का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए इस नुकसान से पीड़ित परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।


