• Tue. Jun 2nd, 2026

    रात में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, नकदी व जेवरात पर हाथ साफ

    Share

    जौनपुर। थाना क्षेत्र के खाना पट्टी गांव की यादव बस्ती में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवकुमार यादव के घर में रात के समय चोरी की यह घटना हुई। परिवार के लोग रात में खाना खाने के बाद घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर के सामने लगे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।

    शिवकुमार यादव ने बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर उनकी माता की नींद खुली। जब उन्होंने टॉर्च जलाकर बाहर देखा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और उसका ताला टूटा पड़ा था। यह देखकर वह घबरा गईं और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया।

    परिवार के लोग जब घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि कमरों में रखे बैग और पेटियों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि उनमें रखे नकद रुपये और सोने-चांदी के सभी जेवरात गायब थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

    सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र की जांच की और प्रारंभिक छानबीन के बाद वापस लौट गई।

    घटना के बाद पीड़ित शिवकुमार यादव ने सुबह लगभग 10 बजे संबंधित थाने में लिखित तहरीर दी। उन्होंने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

    फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय जानकारी के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *