• Tue. Jun 2nd, 2026

    संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज

    Share

    जौनपुर। जनपद में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाने के आरोप के बाद महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    मृतका की पहचान कुशुमलता उर्फ शिखा प्रजापति के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2015 में रिंकू प्रजापति से हुई थी। मामले में मृतका के पिता जगदीश प्रजापति की तहरीर पर गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है।

    परिजनों के अनुसार, 30 मई की शाम लगभग 4 बजे शिखा ने अपनी मां निर्मिता देवी के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश भेजा था। संदेश मिलने के बाद परिजनों को शक हुआ कि उसने कोई गलत कदम उठा लिया है। परिवार के लोग तुरंत सक्रिय हुए और ससुराल पक्ष से संपर्क किया।

    इस दौरान पति रिंकू प्रजापति से बातचीत में पता चला कि शिखा ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसे तत्काल जौनपुर के टी.आर. मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 31 मई की तड़के करीब 2:30 बजे उसकी मौत हो गई।

    मृतका के पिता जगदीश प्रजापति ने आरोप लगाया है कि शिखा को ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि सास तारा देवी, ससुर सुभाष चंद और देवर प्रकाश उसे लगातार परेशान करते थे। परिजनों का यह भी कहना है कि पति रिंकू प्रजापति भी इस प्रताड़ना में परिवार का साथ देता था।

    परिजनों के मुताबिक, मृतका ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए सास, ससुर और देवर को जिम्मेदार ठहराया है।

    गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने 1 जून 2026 को पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में सास, ससुर और देवर को नामजद किया गया है।

    पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *