• Tue. Jun 2nd, 2026

    सलखापुर स्टेशन के पास अंडरपास निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा पत्र

    Share

    जौनपुर। परियावा सलखापुर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल को पत्र सौंपकर जौनपुर–प्रयागराज रेलवे लाइन पर स्थित सलखापुर स्टेशन के दक्षिण दिशा में अंडरपास पुलिया के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने इसे जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए तत्काल कार्रवाई की अपील की है।

    ग्रामीणों का कहना है कि सलखापुर रेलवे स्टेशन के दक्षिण क्षेत्र में घनी आबादी निवास करती है। अधिकांश लोगों के मकान रेलवे लाइन के पश्चिम दिशा में स्थित हैं, जबकि उनकी कृषि भूमि और खेत पूर्व दिशा में हैं। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को रोजाना रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।

    स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्तमान में सलखापुर स्टेशन के दोनों ओर क्रॉसिंग के पास दो नई रेल लाइनों का विस्तार कार्य चल रहा है, जहां ट्रेनों की आवाजाही तेज गति से होती है। ऐसे में बिना किसी सुरक्षित अंडरपास के रेलवे लाइन पार करना जानलेवा साबित हो सकता है।

    ग्रामीणों ने यह भी बताया कि रेलवे लाइन के पूर्व दिशा में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सलखापुर बाजार स्थित है, जबकि पश्चिम दिशा में स्टेट बैंक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं मौजूद हैं। इन स्थानों तक पहुंचने के लिए लोगों को मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

    पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव द्वारा पहले भी सलखापुर स्टेशन के दक्षिण दिशा में किलोमीटर 39/14 पर अंडरपास निर्माण के लिए रेलवे प्रशासन को पत्राचार किया गया था। हालांकि, मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ स्तर पर इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

    ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए इस स्थान पर जल्द से जल्द अंडरपास पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *