जौनपुर। एंटी मलेरिया माह जून-2026 के प्रथम दिवस पर जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के निर्देशन में जिला मलेरिया एवं फाइलेरिया टीम ने नगरीय क्षेत्र के नखास मोहल्ला और जहांगीराबाद में पोस्टर चस्पा कर, पंपलेट वितरित कर तथा एंटीलार्वल स्प्रे कर लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत ब्रीडिंग सोर्स रिडक्शन, स्वास्थ्य शिक्षा और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां भी संचालित की गईं। वहीं अर्बन पीएचसी मातापुर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष कुमार सिंह एवं अर्बन कॉर्डिनेटर प्रवीण पाठक के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं की संवेदीकरण बैठक आयोजित हुई, जिसमें मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो रुके हुए पानी में पनपता है। ठंड लगना, कंपकंपी के साथ तेज बुखार इसके प्रमुख लक्षण हैं। समय पर जांच और उपचार न मिलने पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मलेरिया की जांच और उपचार की निःशुल्क व्यवस्था जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध है। लोगों से अपील की गई कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, जल जमाव न होने दें, मच्छरदानी का उपयोग करें और बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।


