• Sun. May 31st, 2026

    बरसठी में छह मामलों में मुकदमा दर्ज, तीन किशोरियों के लापता होने से हड़कंप

    Barasathi
    Share

    बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में मारपीट, धमकी, रास्ता रोकने, बांस काटने के विवाद तथा तीन किशोरियों को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपों से जुड़े कुल छह मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी मामलों में नामजद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    पुलिस के अनुसार दीनापुर गांव में बांस काटने के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में पड़ोसी पर गाली-गलौज, मारपीट, बांस काटने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

    वहीं भोपतपुर गांव में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि एक युवक उसकी पत्नी को अपने साथ ले जा रहा था। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    एक अन्य मामले में जयरामपुर गांव निवासी युवक ने आरोप लगाया कि प्रयागराज से लौटते समय कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर उसकी बाइक की चाबी निकाल ली, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर डायल-112 पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। इस मामले में भी आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    इसी बीच थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से तीन किशोरियों के लापता होने के मामलों ने भी पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। ओझापुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए एक युवक तथा उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

    दूसरे मामले में मड़ियाहूं क्षेत्र की एक किशोरी के ननिहाल से लापता होने पर परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    वहीं खुआवा गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

    इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है तथा लापता किशोरियों की बरामदगी के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed