बक्शा, जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में कथित चुनावी रंजिश को लेकर शनिवार रात एक युवक पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ग्राम प्रधान सहित छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर गांव निवासी मोहम्मद गुलाम शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे नौपेड़वा बाजार से घरेलू सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजा होटल के पास बने ब्रेकर के निकट गांव के एक युवक ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों तथा चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान समेत छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


