जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 134वां संस्करण रविवार को जौनपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र स्थित सिपाह के होटल रिवर व्यू में सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी, सामाजिक सेवा, नवाचार और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का उल्लेख करते हुए उनके प्रयासों को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना तथा राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने कहा कि जौनपुर के लिए यह दिन ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जौनपुर का विशेष रूप से जुड़ना जनपदवासियों के लिए गर्व का विषय है और इसे लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जौनपुर को विशेष महत्व दिए जाने से जनपद का गौरव बढ़ा है। उन्होंने इसे नागरिकों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे विकास, संस्कृति और जनभागीदारी को नई ऊर्जा मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के सामान्य नागरिकों के असाधारण कार्यों को सामने लाने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में आम लोगों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को तकनीक का रचनात्मक उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संवाद देश को सकारात्मक दिशा देने वाला है।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी अशोक चौरसिया, पूर्व सांसद श्री कृष्ण प्रताप सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी आमोद सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


