उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट, हर तरफ जंगलराज : डॉ. प्रमोद कुमार सिंह
जौनपुर। कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बिगड़ी कानून व्यवस्था और बढ़ती महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद Kumar सिंह ने भाजपा सरकार के मंत्रियों, विधायकों और नेताओं की संपत्तियों की जांच कराने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के विधायक, मंत्री और सत्ताधारी दल के नेता आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। सरकारी धन और जनता की गाढ़ी कमाई की खुलेआम लूट अब सरकार की कार्यशैली बन चुकी है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है।
अजय राय की लोकप्रियता से भाजपा भयभीत : कांग्रेस
डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ संपत्तियों की जांच की मांग करने वाले भाजपा नेताओं को पहले अपने विधायकों और मंत्रियों की संपत्तियों की जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और सरकारी धन की लूट “फैशन” बन गई है।
उन्होंने कहा कि अजय राय संघर्षशील और ईमानदार छवि वाले नेता हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता और साफ-सुथरी छवि से भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दाम और प्रदेश में लगातार हो रही हत्या व बलात्कार जैसी घटनाओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
महिलाओं और युवाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहन-बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने मांग की कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को भाजपा नेताओं की संपत्तियों और आय की जांच करनी चाहिए, ताकि जनता को यह पता चल सके कि सत्ता में आने के बाद उनकी संपत्तियों में कितनी बढ़ोतरी हुई है।
पेपर लीक और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि प्रदेश और देश में पेपर लीक एक गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक नीट सहित करीब 80 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। कई अभ्यर्थियों ने आत्महत्या तक कर ली।
उन्होंने कहा कि महंगाई को नियंत्रित करने में सरकार पूरी तरह असफल रही है। उत्तर प्रदेश में हत्या, बलात्कार, डकैती और छिनैती जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
भाजपा के खिलाफ आंदोलन करेगी कांग्रेस
आरिफ खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन चलाकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की “पोल खोलने” का काम करेगी।
प्रेस वार्ता में संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, लाल प्रकाश पाल, शहनवाज मंजूर, अनिल सोनकर, इरशाद खान राजू, इकबाल हुसैन, दिवाकर मौर्य, परवेज अहमद, मुहम्मद ताहिर, तौफीक अहमद समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


