• Thu. May 28th, 2026

    सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा 31 मई को, 14 केंद्रों पर होगी परीक्षा

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक आचार्य, राजकीय (प्रा.) परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। परीक्षा 31 मई 2026 (रविवार) को जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।

    बैठक में परीक्षा की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, मजिस्ट्रेट ड्यूटी तथा केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

    उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में केंद्रों पर पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करा ली जाएं। भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।

    अपर जिलाधिकारी ने सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान वे लगातार भ्रमणशील रहें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। बैठक में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, वितरण व्यवस्था, निगरानी तंत्र एवं कंट्रोल रूम संचालन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

    बैठक में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, पुलिस विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, शिक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed