जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य शासी निकाय की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड निर्माण की जनपद में मात्र 60 प्रतिशत प्रगति पर नाराजगी जताई और लक्ष्य पूरा करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मुंगराबादशाहपुर, सुइथाकला, सुजानगंज, धर्मापुर और सिकरारा विकास खंडों में खराब प्रगति पाए जाने पर संबंधित एमओआईसी का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं पिछले 10 दिनों में 100 से कम आयुष्मान कार्ड बनाने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बायो मेडिकल वेस्ट के समुचित निस्तारण, सीएचसी-पीएचसी में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा जर्जर भवनों में चिकित्सीय सेवाएं संचालित न करने के निर्देश दिए। सीएचसी महराजगंज में ओपीडी की कम संख्या पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।

बैठक में नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट, आईजीआरएस निस्तारण, सीटी स्कैन सेवाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान, नि:क्षय मित्र योजना, पोषण पोटली वितरण और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। एचबीएनसी कार्यक्रम में खराब प्रदर्शन पर एमओआईसी सोंधी समेत अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात, एसीएमओ, सभी एमओआईसी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


