बरसठी (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एक युवक पर अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा युवती की तलाश में जुट गई है।
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि 23 मई की दोपहर उसकी 21 वर्षीय पुत्री को आरोपी युवक अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया। परिजनों के अनुसार युवती का हाल ही में विवाह हुआ था और वह कुछ समय के लिए अपने मायके आई हुई थी।
आरोप है कि युवती अपने साथ करीब ₹80,000 नकद और लगभग ₹7.50 लाख मूल्य के जेवरात भी ले गई है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द बरामदगी और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सूरज सोनकर पुत्र साधु सोनकर, निवासी निगोह, थाना बरसठी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और युवती की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।


