केराकत (जौनपुर)। स्थानीय क्षेत्र के उदयचंदपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार उदयचंदपुर गांव निवासी अंकुर कुमार (13 वर्ष) पुत्र संदीप और अमित कुमार (16 वर्ष) पुत्र दिनेश बाइक से गोमतेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे गोमती नदी पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने विपरीत दिशा में जाकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने पर ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

