• Sun. May 24th, 2026

    200 मीटर दूर कुएं में मिला 18 वर्षीय युवती का शव, संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी

    Share

    जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनुआ में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव से लगभग 200 मीटर दूर एक सुनसान कुएं में 18 वर्षीय युवती का शव उतराया हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    जानकारी के अनुसार धनुआ गांव निवासी राधेश्याम सरोज की 18 वर्षीय पुत्री निधि सरोज 22 मई की सुबह करीब 5 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद उसकी गुमशुदगी की सूचना रामपुर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

    इसी बीच रविवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने सुनसान इलाके में स्थित पुराने कुएं में युवती का शव देखा। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई और तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई।

    सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed