जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के समोपुर खुर्द गांव में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब सो रहे एक युवक पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार समोपुर खुर्द निवासी राकेश गौतम (32) पुत्र स्वर्गीय केदारनाथ शनिवार रात लगभग 12 बजे अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान दो हमलावर घर में घुस आए और उन्हें नींद से जगाकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल की मुठिया से हमला कर राकेश गौतम को घायल कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
घायल युवक ने किसी तरह घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मेडिकल परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
हालांकि, इस मामले में जफराबाद थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पिस्टल की मुठिया से हमले की बात सामने नहीं आई है। उनके अनुसार हमले में लाठी-डंडों के इस्तेमाल की आशंका है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

