• Sat. May 23rd, 2026

    दैवीय आपदा पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता

    Share

    जौनपुर। तहसील बदलापुर क्षेत्र के दो अलग-अलग दैवीय आपदा मामलों में मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से अहेतुक सहायता के रूप में चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रशासन द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील बदलापुर के ग्राम बरहुपुर, परगना गढ़वारा निवासी भूलन पुत्र दुखी की 11 अप्रैल 2026 को छप्पर में लगी आग की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। प्रकरण में उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार बदलापुर द्वारा आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी कर सभी जरूरी अभिलेख प्राप्त किए गए। इसके बाद मृतक के वारिसों को दैवीय आपदा राहत निधि से चार लाख रुपये की सहायता राशि उनके बैंक खाते में उपलब्ध कराई गई।

    इसी प्रकार ग्राम सलामतपुर, परगना रारी, तहसील बदलापुर निवासी हरमेंद्र पुत्र सूबेदार की 27 अप्रैल 2026 को गोमती नदी में स्नान के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस मामले में भी प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की अहेतुक सहायता राशि दैवीय आपदा निधि से उनके बैंक खाते में भेज दी।

    प्रशासन ने बताया कि दैवीय आपदाओं में प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *