जौनपुर। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, जबकि सड़कों और बाजारों में सन्नाटा दिखाई दे रहा है। गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी साफ दिख रहा है। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। अस्पताल के वार्ड भर चुके हैं और ओपीडी में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई है। अधिकांश मरीज उल्टी, पेट दर्द और डायरिया जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। अस्पताल प्रशासन ने एहतियातन हीट स्ट्रोक वार्ड भी आरक्षित किया है।
भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों पर पड़ रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को धूप से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। गर्मी के चलते प्राथमिक विद्यालयों में छोटे बच्चों की छुट्टियां 15 जून तक बढ़ा दी गई हैं। वहीं अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।


