जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र की निवासी कुमारी रजनी के उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित होने पर गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। गृह जनपद पहुंचने पर बांसबारी (टड़िया) गांव में ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। रजनी की सफलता को क्षेत्र और समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया। स्वागत समारोह में लोगों ने कहा कि उनकी मेहनत और लगन से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद पूनम दीक्षित ने कहा कि रजनी की उपलब्धि समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बेटियां भी अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और अपने सपनों को साकार कर रही हैं। इस अवसर पर उमेश कुमार, दिनेश मधुकर, अजीत कुमार, शशिकांत कश्यप, विजय कुमार, अजय कुमार, इरफान, साकिब, दिलीप, सचिन गुप्ता और वेदांत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


