जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र में देवकली से बेलाव होते हुए जौनपुर जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां और जलभराव के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब पड़ी हुई है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। ग्रामीण संतोष, राहुल और प्रवीण ने बताया कि बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग सड़क पर फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। जलभराव के कारण राहगीरों को सुरक्षित आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क सही होने से लोगों को राहत मिलेगी और संभावित हादसों से बचाव हो सकेगा।


