जौनपुर। केराकत तहसील के चंदवक क्षेत्र स्थित हरिहरपुर गांव जाने वाले मार्ग पर विद्युत विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में नाराजगी है। सड़क किनारे लगाए गए ट्रांसफार्मर के फ्यूज बॉक्स से खुले तार लटक रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर का फ्यूज बॉक्स जमीन से करीब पांच फीट की ऊंचाई पर लगाया गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन होता है। ऐसे में खुले तार राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। स्थानीय ग्रामीण सचिन, नवीन, पंकज और पवन ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार विद्युत विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ट्रांसफार्मर के फ्यूज बॉक्स को सुरक्षित ऊंचाई पर लगाया जाए और खुले तारों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।


