जौनपुर। शहर के मोहल्ला नखास स्थित पूर्व सभासद सत्य नारायण निषाद की गली में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही देखने को मिल रही है। यहां के रहिवासी मौत को टक्क से छूकर वापस आ जाते हैं। वजह यह है कि गली के बीचों-बीच विद्युत तार काफी नीचे लटक गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों के सिर से प्रतिदिन टकराते हैं, जिससे ये बिजली के तार राहगीरों के लिए खतरे का कारण बन चुके हैं। दोपहिया वाहन चालकों को गली से निकलने में काफी दिक्कत होती है। लोगों का कहना है कि बरसात या तेज हवा के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मोहल्लावासियों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौखिक रूप से शिकायत दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 33/11 केवी टीडी कॉलेज सब स्टेशन के अंतर्गत आता है। मोहल्लावासियों ने अधिशासी अभियंता से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल लटके हुए विद्युत तारों को सही कराया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग द्वारा उचित कदम नहीं उठाया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।


