जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आंधी-तूफान से प्रभावित बिजली व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि तूफान में क्षतिग्रस्त हुए बिजली के पोलों को युद्धस्तर पर ठीक करते हुए दो दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता प्रतिदिन शाम को कार्य प्रगति की रिपोर्ट दें तथा बिजली बहाल होने के बाद सभी पोलों की ग्राउटिंग और आवश्यक स्थानों पर स्टे लगाने का कार्य भी पूरा कराया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी ट्रांसफार्मरों पर टेललेस यूनिट और फ्यूज जैसे सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं तथा पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखे जाएं, ताकि खराब होने पर तत्काल बदला जा सके।

उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के बिजली बिल से संबंधित शिकायतों का निस्तारण उपखंड कार्यालय स्तर पर ही किया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुख्यालय पर हो रही ट्रिपिंग की समस्या को तत्काल दूर करने, बिजली के तारों और पोलों का अनुरक्षण कराने तथा पेड़ों की कटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने विशेष रूप से जलभराव और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में करंट उतरने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। साथ ही सभी ट्रांसफार्मरों की नियमित लोड बैलेंसिंग करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में संतोषजनक जवाब न मिलने पर अधीक्षण अभियंता द्वितीय को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उपखंड अधिकारी खेतासराय का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि 15 दिन बाद दोबारा समीक्षा बैठक होगी और निर्देशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।


