जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित वित्त अधिकारी आवास में लगे स्प्लिट एसी में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। घटना से आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन एवं कर्मचारियों की सतर्कता के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्त अधिकारी आवास में लगे स्प्लिट एसी से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद उसमें आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। तत्काल अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। सूचना पर अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र प्रसाद द्विवेदी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
आग लगने से एसी एवं उससे जुड़े कुछ विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई होने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।
घटना के बाद विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच भी कराई जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में लगे विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


