• Fri. May 15th, 2026

    जौनपुर पहुंचे मुकेश साहनी, निषाद आरक्षण को लेकर 101 दिवसीय संकल्प यात्रा का किया ऐलान

    Share

    जौनपुर। मुकेश साहनी शुक्रवार को जिले के वाजिदपुर तिराहे स्थित उत्सव मोटल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे, जहां उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। सम्मेलन के दौरान उन्होंने निषाद समाज को आरक्षण दिलाने के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया।

    मीडिया से बातचीत करते हुए मुकेश साहनी ने कहा कि 25 जुलाई को वीरांगना फूलन देवी के शहादत दिवस से 101 दिवसीय संकल्प यात्रा शुरू की जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से निषाद समाज को एकजुट कर आरक्षण की मांग को लेकर जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा निषाद समाज को आरक्षण नहीं देती है तो समाज भाजपा को वोट नहीं देगा।

    उन्होंने भाजपा सहयोगी संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी दोनों नेताओं ने मिलकर निषाद समाज को आरक्षण दिलाने का सपना देखा था, लेकिन सत्ता में आने के बाद समाज के मुद्दों को भुला दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता सुख के लिए समाज के हितों से समझौता किया गया है।

    साहनी ने कहा कि उनकी पार्टी पहले भी “आरक्षण नहीं तो गठबंधन नहीं, गठबंधन नहीं तो वोट नहीं” का नारा दे चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2022 विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने एनडीए में रहते हुए 55 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में संजय निषाद भाजपा के साथ चले गए।

    उन्होंने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाने के लिए छह महीने का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में आरक्षण नहीं मिलता है तो समाज को भाजपा से दूरी बनाने का फैसला करना चाहिए। अपने संबोधन के अंत में मुकेश साहनी ने कहा कि आने वाले चुनाव में उनकी पार्टी भाजपा के खिलाफ बड़ा राजनीतिक संघर्ष करेगी और 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *