खेतासराय, जौनपुर। खेतासराय-दीदारगंज मार्ग पर अब्बोपुर के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। ऑटो और बाइक की आमने-सामने हुई ज़ोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई जबकि मृतक के घर मातम पसर गया।
मिली जानकारी के मुताबिक मानीकलां निवासी शिव सहाय पुत्र रामसीजोर किसी ज़रूरी काम से आब्बोपुर गए हुए थे। काम खत्म करने के बाद वह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह आब्बोपुर के पास पहुंचे, सामने से तेज़ रफ्तार में आ रही एक ऑटो से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और शिव सहाय गंभीर रूप से सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने फौरन घायल युवक को उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पहुंचाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर पहुंची सूचना ने पूरे परिवार को ग़म में डुबो दिया। मृतक की पत्नी बेसुध हो गई जबकि मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में हर तरफ ग़मगीन माहौल दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि शिव सहाय अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक ज़िम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। गांव के लोग और रिश्तेदार देर शाम तक मृतक के घर पहुंचकर ताज़ियत पेश करते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और मायूसी का माहौल बना हुआ है।
आटो—बाइक की जोरदार भिड़ंत में युवक की हुई दर्दनाक मौत

