जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने मंगलवार को शाहगंज स्थित पीसीएफ संस्था के उर्वरक बफर गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखी यूरिया और डीएपी उर्वरक की बोरियों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी ने भंडारण व्यवस्था का जायजा लेते हुए भंडारनायक को निर्देश दिया कि सभी उर्वरक बोरियों का भंडारण वैज्ञानिक पद्धति और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। इस दौरान कुछ बोरियां फटी हुई मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिला प्रबंधक पीसीएफ को सभी बोरियों के मानक के अनुरूप सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने हैंडलिंग और परिवहन से जुड़े ठेकेदारों को समय पर उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान कुछ बोरियों का वजन भी कराया गया, जिसमें सभी बोरियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं। कहीं भी घटतौली की शिकायत नहीं मिली।
मुख्य विकास अधिकारी ने गोदाम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। इसके बाद उन्होंने गोदाम परिसर में संचालित गेहूं क्रय केंद्र “पीसीएफ केएसके इमरानगंज” का भी निरीक्षण किया। केंद्र पर सभी अभिलेख व्यवस्थित पाए गए।
उन्होंने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों से संपर्क स्थापित कर शासन की मंशा के अनुरूप लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा नियमों के अनुसार गेहूं खरीद की प्रक्रिया पूरी की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, क्षेत्र अधिकारी इफको समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

