• Wed. May 13th, 2026

    स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब प्रीपेड से पोस्टपेड में बदले जाएंगे मीटर

    Share


    जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को एक बड़ी राहत प्रदान की है। दिनांक 08 मई 2026 को विद्युत वितरण मण्डल-प्रथम, जौनपुर के कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अधीक्षण अभियन्ता इं. मनोज कुमार गुप्ता और इं० अनिल पाठक ने बताया कि जनपद में लगे सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को अब पोस्टपेड मोड में परिवर्तित करने के निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। वर्तमान में जौनपुर में कुल 1,93,087 स्मार्ट मीटर लगे हैं, जिनमें से 1,61,252 प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बदलाव के तहत उपभोक्ताओं को मई 2026 की बिजली खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड आधार पर जारी किया जाएगा।
    प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी के अनुसार, सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल प्रत्येक माह की 10 तारीख तक उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे जाएंगे। यदि किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो वे टोल-फ्री नंबर 1912 या व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर +918010968292 पर संपर्क कर अपना विवरण अपडेट करवा सकते हैं। इसके अलावा, अब से सभी नए बिजली कनेक्शन भी स्मार्ट मीटर के माध्यम से केवल पोस्टपेड मोड में ही जारी किए जाएंगे।
    उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए भुगतान नियमों में भी लचीलापन लाया गया है। प्रीपेड से पोस्टपेड में परिवर्तन के दौरान, जो सिक्योरिटी राशि पहले समायोजित की जा चुकी थी, उसे अब जून 2026 से चार समान किस्तों में बिल में जोड़ा जाएगा। घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को विशेष राहत देते हुए 30 अप्रैल 2026 तक के बकाये (विलंब अधिभार सहित) को 10 किस्तों में चुकाने की सुविधा दी गई है, जबकि अन्य श्रेणियों के लिए यह भुगतान तीन किस्तों (40%, 30% और 30%) में करने का प्रावधान है । पोस्टपेड व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को बिल जारी होने के बाद 15 दिन की ‘ड्यू डेट’ और उसके बाद 7 दिन का समय दिया जाएगा, जिसके बाद ही विच्छेदन की कार्यवाही या विलंब अधिभार लागू होगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *