जौनपुर। जिले में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम तमंचे से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का है। वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान प्रिसू पांडे निवासी जगदीशपुर के रूप में की जा रही है।
जानकारी के अनुसार किसी शादी कार्यक्रम के दौरान डीजे और जश्न के माहौल में युवक ने कई राउंड हर्ष फायरिंग की, जिसका वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हर्ष फायरिंग की घटनाएं पहले भी कई बार हादसों का कारण बन चुकी हैं, बावजूद इसके लोग कानून की अनदेखी करते हुए इस तरह की हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
https://x.com/i/status/2051966899999891764

