• Wed. May 13th, 2026

    प्रसव के बाद प्रसूता की मौत, सीएचसी पर परिजनों का हंगामा

    Share

    बदलापुर, जौनपुर। बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सामान्य प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार, पट्टी दयाल गांव निवासी राहुल निषाद अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी लेकर आए थे, जहां उन्होंने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के कुछ समय बाद ही लक्ष्मी देवी की हालत अचानक बिगड़ गई।
    स्थिति गंभीर होने पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जौनपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन सीएचसी से रेफर किए जाने के करीब तीन घंटे बाद जौनपुर में ही उनकी मौत हो गई। नवजात शिशु सुरक्षित है। प्रसूता की मौत से आक्रोशित परिजन शव को वापस सीएचसी लेकर पहुंचे और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पाण्डेय ने पुलिस बल के साथ स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। वहीं, स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. संजय दूबे ने बताया कि प्रसूता की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *