जौनपुर। तार पट्टी गांव में उमाशंकर तिवारी और रवि शंकर तिवारी के आवास पर आयोजित भागवत कथा में शनिवार देर रात कृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा व्यास सत्यव्रत शुक्ल (राम जी महाराज) ने अपने प्रवचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का मुख्य उद्देश्य मोक्ष की प्राप्ति है, जो भगवान की भक्ति के बिना संभव नहीं है। कथा के दौरान उन्होंने वामन अवतार और श्रीराम जन्म के प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया और भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अन्याय बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतार लेकर सज्जनों की रक्षा और दुष्टों का विनाश करते हैं। कथा के समापन पर आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण हुआ। इस अवसर पर डॉ. राम श्रृंगार शुक्ल, मनोज कुमार मिश्र, राम प्रकाश चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
तार पट्टी गांव में भागवत कथा, कृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग से श्रद्धालु भाव-विभोर

