जौनपुर/उमरछा: आगामी 17 मई से प्रारंभ हो रहे पवित्र अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के अवसर पर ग्राम उमरछा स्थित प्रसिद्ध मृत्युञ्जय महादेव धाम में भव्य धार्मिक आयोजनों की तैयारी जोरों पर है। इसी क्रम में रविवार सुबह 8 बजे पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे महीने चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा एवं मंदिर व्यवस्था समिति के सदस्य सुशील कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 15 जून तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से श्रद्धालु बेलपत्र अर्पित कर ‘ॐ नमः शिवाय’ का सामूहिक जाप करेंगे। इसके बाद सुबह 8 बजे से 10 बजे तक विद्वान पंडितों द्वारा शिवपुराण की कथा का श्रवण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति होगी।
इसके अतिरिक्त, 8 जून से 15 जून तक श्रीमद्भागवत कथा का सस्वर पाठ आयोजित किया जाएगा। वहीं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और आरोग्य के लिए प्रतिदिन महामृत्युंजय मंत्र की 5 माला जाप का संकल्प लिया गया है। मासिक शिवरात्रि के पावन अवसर पर सुंदरकांड पाठ और विशेष आरती का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य रमाशंकर उपाध्याय, सुरेश चन्द्र उपाध्याय, सतीश कुमार, सुभाष उपाध्याय, अशोक शुक्ल, अरविंद शुक्ल, राजेश शुक्ल, सूर्यनाथ शुक्ल, संतोष उपाध्याय, राकेश शुक्ल, सदानंद, ओमप्रकाश सिंह, दीना नाथ, अनिल, संतोष शुक्ल ढोलन, श्याम सुंदर, सूरज, दिलीप गुप्ता, नितेश गौंड, अनुज सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

