• Thu. Mar 19th, 2026
    Oplus_16908288
    Share

    जौनपुर। विकास विभाग में लगभग 32 वर्षों तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए यशवंत सिंह ने डोभी ब्लॉक प्रमुख पद के लिए अपनी दावेदारी ठोक दी है। पत्रकार भवन, जौनपुर में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि 01 नवंबर 2024 को मुख्य विकास अधिकारी/संयुक्त विकास आयुक्त पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने अपने पैतृक निवास कच्छवन, डोभी में रहकर क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों को नजदीक से समझना शुरू किया।
    यशवंत सिंह ने बताया कि विकास विभाग में लंबे अनुभव के कारण उन्हें विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की गहरी जानकारी है, जिसका लाभ डोभी क्षेत्र के विशेषकर गरीब और वंचित वर्ग को दिलाने में वे सक्षम हैं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मिले व्यापक समर्थन और आग्रह के बाद उन्होंने ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।

    उन्होंने कहा कि डोभी क्षेत्र ऐतिहासिक रूप से प्रबुद्धजनों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और सामाजिक संस्कारों के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन वर्तमान में राजनीतिक सबलता के लिहाज से क्षेत्र कमजोर पड़ा है। डोभी की सामाजिक, सांस्कृतिक, वैचारिक और शैक्षिक विरासत को पुनः सशक्त करने के उद्देश्य से उन्होंने यह कदम उठाया है।

    यशवंत सिंह ने जनता को आश्वासन दिया कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वे विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर क्षेत्र की खोई हुई गरिमा और सम्मान को वापस लाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *