जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड स्थित एक अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टर और एक युवक पर अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
गौरा निवासी नसीम अहमद के अनुसार वह अपनी पत्नी रुखसार खातून का पिछले तीन माह से अस्पताल में उपचार करा रहे थे। 17 जुलाई की रात प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अगले दिन अल्ट्रासाउंड के बाद इंजेक्शन लगाए गए, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और रक्तस्राव शुरू हो गया। डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कही और उपचार के लिए 20 हजार रुपये जमा कराए गए। बाद में पत्नी को बेहतर उपचार के लिए जौनपुर के दूसरे अस्पताल ले जाया गया।
नसीम का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन से उपचार संबंधी जानकारी मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। मामले में चोरसंड निवासी एक युवक पर भी अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने अपराध संख्या 235/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक रवि प्रकाश को सौंपी है। थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की वास्तविकता विवेचना के बाद स्पष्ट होगी।






