• Fri. Aug 14th, 2026

    विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जौनपुर में विविध आयोजन

    Share

    जौनपुर। भारत विभाजन की विभीषिका में अपने प्राण गंवाने वाले तथा विस्थापन का दंश झेलने वाले लोगों की स्मृति में शुक्रवार को जनपद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी एवं विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

    संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान घटित घटनाओं और उस समय लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा को चित्रों एवं अभिलेखों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन के उस पीड़ादायक कालखंड और उसके मानवीय प्रभावों से अवगत कराना रहा।

    कार्यक्रम में टीडी कॉलेज एवं बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद राहुल पाठक एवं टीडी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। एनसीसी कैडेट्स ने भी देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

    इस अवसर पर सिंधी समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों को पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। विभाजन के दौरान दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद प्रेक्षागृह से गांधी प्रतिमा स्थल तक मौन जुलूस एवं कैंडिल मार्च निकाला गया।

    राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें इतिहास के उस पीड़ादायक अध्याय की याद दिलाता है। हमें अतीत से सीख लेते हुए देश की एकता, अखंडता, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी को इतिहास से अवगत कराकर उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना विकसित करने पर जोर दिया।

    विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि विभाजन की त्रासदी मानव इतिहास की अत्यंत पीड़ादायक घटना है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास की वास्तविकताओं से परिचित कराते हैं और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने सामाजिक समरसता, भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजीत प्रजापति, महामंत्री पीयूष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।

    इसके उपरांत तिरंगा उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उपस्थित लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया।

    कार्यक्रम के क्रम में उद्योग विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत श्रीमती प्रियंका सिंह को दर्जी किट के रूप में सिलाई मशीन प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं श्री अलामदार हुसैन को 10-10 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत श्री राहुल यादव एवं श्रीमती तंजीम बानो को रोजगार स्थापना के लिए 5-5 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।

    इस अवसर पर युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए आगे आने तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया।

    Tr

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *