जौनपुर। जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब आम से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना रामपुर थाना क्षेत्र के गंधौना पेट्रोल पंप के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, ट्रक (UP 33 AT 3770) सीतापुर से आम लेकर भदोही जा रहा था। सुबह करीब चार बजे ट्रक के पिछले पहिए का नट-बोल्ट टूट गया, जिससे पहिया निकल गया और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में ट्रक में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य बताया गया।
ट्रक पलटने से सड़क पर आम बिखर गए और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर यातायात सामान्य कराया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।


