जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र के सरोज बड़ेवर गांव में एक युवक द्वारा अवैध देशी कट्टे के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में एक युवक अवैध हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है। जांच के दौरान उसकी पहचान साहिल यादव उर्फ बंटी पुत्र बबलू यादव निवासी सरोज बड़ेवर, थाना केराकत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने कट्टे के साथ रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी। थाना केराकत के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार का प्रदर्शन करना और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर अपराध है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो बनाकर प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


