जौनपुर, 30 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न न्यायालयों में लंबित अभियोजन प्रकरणों, दोषसिद्धि की प्रगति तथा विभागवार लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर एवं संवेदनशील मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों में अभियोजन पक्ष साक्ष्यों के आधार पर मजबूत और प्रभावी पैरवी करे, ताकि दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके।
उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ अभियोजन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा, पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


