• Wed. Jul 1st, 2026

    यूपीटीईटी-2026 की तैयारियों की समीक्षा, निष्पक्ष व नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग से नियुक्त पर्यवेक्षक जगदीश प्रसाद ने की। इस दौरान परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखते हुए अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

    बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में होगा। जनपद में परीक्षा के लिए 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन हेतु 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 8 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

    बैठक के बाद जनपद के होटल एवं लॉज संचालकों के साथ भी बैठक की गई। उन्हें निर्देश दिए गए कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से निर्धारित दर से अधिक किराया या अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित होटल या लॉज संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक आतिश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, पुलिस विभाग के अधिकारी, केंद्राध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed