जौनपुर। बढ़ती गर्मी और हीट वेव के प्रभाव को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के जौनपुर डिपो ने विशेष इंतजाम किए हैं। शासन के निर्देश पर डिपो से संचालित सभी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स और ओआरएस घोल उपलब्ध कराया गया है, ताकि यात्रा के दौरान यात्रियों को आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सके।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जौनपुर डिपो ममता चौबे ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी बसों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा बसों में कार्यरत परिचालकों को भी फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराया गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि परिवहन निगम यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। हीट वेव की परिस्थितियों में ओआरएस घोल की उपलब्धता यात्रियों को निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) से बचाने में मददगार होगी।
परिवहन विभाग की इस पहल से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी तथा यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध हो सकेगी। निगम ने यात्रियों से भी गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है।

