• Fri. Jul 17th, 2026

    डीआईओएस कार्यालय में भ्रष्टाचार के विरोध में 10 अगस्त को होगा धरना

    Share

    माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में बनी रणनीति

    जौनपुर, 17 जुलाई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) की महत्वपूर्ण बैठक तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में जिलाध्यक्ष तेरस यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की सदस्यता अभियान, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय की कार्यप्रणाली, कथित भ्रष्टाचार तथा आगामी संगठनात्मक चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में शिक्षकों ने संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

    बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह ने कहा कि संगठन का सदस्यता अभियान शत-प्रतिशत सफल बनाया जाए, ताकि शिक्षकों की आवाज और अधिक प्रभावी ढंग से उठाई जा सके। उन्होंने डीआईओएस कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि लेखाधिकारी द्वारा शिक्षकों के कार्यों में अनावश्यक विलंब किया जाता है तथा विभिन्न कार्यों में धन उगाही की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

    प्रदेश संरक्षक ने घोषणा की कि इन समस्याओं को लेकर 10 अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर शिक्षक संघ की ओर से जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धरने के बाद संगठन को और सशक्त बनाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

    प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने शिक्षकों से 10 अगस्त के आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं करेगा। जिलाध्यक्ष तेरस यादव ने जनपद के सभी शिक्षकों से बड़ी संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी एकजुटता दिखाने की अपील की।

    बैठक को कार्यकारी अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, कोषाध्यक्ष हसन सईद, उपाध्यक्ष दयाशंकर यादव, बृजेश सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। जिलामंत्री ठाकुर प्रसाद तिवारी ने सफल संचालन करते हुए सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

    बैठक में दिलीप कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, प्रधानाचार्य गजेन्द्र बहादुर सिंह, समर बहादुर सिंह, बद्रीनाथ सिंह, रामप्रकाश यादव, रविन्द्र प्रसाद मिश्र, अभिषेक कुमार सिंह, विनीत कुमार, देवेन्द्र प्रताप सिंह, अभ्युदय सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *