मड़ियाहूं। नगर के खैरूद्दीन गंज निवासी विजय कुमार चौरसिया गुरुवार को भूमि विवाद को लेकर गांधी तिराहे पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने उप जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी स्नेहा चौरसिया तथा सोनी चौरसिया के नाम चक कस्बा स्थित आराजी संख्या 99/409 में 0.025 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि पर चंदन मोदनवाल जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट की धमकी दे रहे हैं।
विजय कुमार चौरसिया का कहना था कि पांच अगस्त से विवादित भूमि पर लगातार निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज होकर वह अपने समर्थकों के साथ गांधी तिराहे पर धरने पर बैठ गए।
धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। उप जिलाधिकारी नवीन कुमार ने दोनों पक्षों को तहसील बुलाकर वार्ता की। उन्होंने दोनों पक्षों को न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद विजय कुमार चौरसिया ने धरना समाप्त कर दिया। भूमि विवाद को लेकर दिनभर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।


