जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां छह पालियों में कुल 56,880 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए 21 केंद्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित लगभग 1200 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
बैठक में परिवहन व्यवस्था को लेकर एआरएम रोडवेज को पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा रूट चार्ट तैयार रखने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी परीक्षा केंद्रों पर ओआरएस, प्राथमिक उपचार किट और आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
गर्मी को देखते हुए नगर निकायों के अधिकारियों को अभ्यर्थियों के लिए आवश्यकतानुसार शेल्टर होम और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को कोचिंग सेंटर संचालकों, संदिग्ध व्यक्तियों और परीक्षा से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
विद्युत विभाग को भी विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि 8, 9 और 10 जून को परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का अनावश्यक विद्युत शटडाउन न किया जाए, ताकि परीक्षा संचालन में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में कुंवर सिंह अनुपम, ध्रुव खाड़िया, आतिश सिंह, राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


