जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर में फर्जी कंपनी का दफ्तर संचालित कर नौकरी के बहाने बेरोजगार युवाओं को बंधक बनाकर धन वसूली करने के तीन आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक आरोपित को रविवार को गिरफ्तार कर लिया जबकि सरगना राहुल राजभर लाइन बाजार थाना में पहले से दर्ज एक मुकदमे में जेल में बंद है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के देवगौड़ा थाना क्षेत्र के सेवाखेरा बिजरौन निवासी पीड़ित अभिषेक पाल की तहरीर पर की गई। अभिषेक पाल के अनुसार लगभग पांच माह पूर्व उसका संपर्क ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के गुलाबपुरी बड़गांव निवासी पतिराम जाटव से हुआ। पतिराम ने उससे कहा यूपी के वाराणसी जिले सिंधोरा थाना क्षेत्र के गढ़खड़ा गांव का राहुल राजभर केशवपुर में ‘रायल हेल्थ इंडिया एमएस अर्थ एसोसिएट’ नामक कंपनी चलाता है।
बेरोजगार लड़कों को कंपनी में 22 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी देता है। झांसा देकर पतिराम उसे अपने साथ लेकर जौनपुर में प्रसाद तिराहा के पास एक मकान में ले आया। वहां राहुल राजभर व उमा देवी रैकवार मौजूद थीं।
तीनों ने साजिश के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर अभिषेक पाल से एक हजार रुपये लिए और 27 हजार रुपये नकद जमा करा लिए। कहा अगले माह से 22 हजार रुपये प्रति माह सैलरी मिलेगी।
वहां पहले सुलतानपुर जिले के पंकज कुमार, झांसी के राजेश कुमार, देव वर्मा, लखनऊ के सचिन तिवारी, मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के अनिल कुमार अहिरवार व निधि प्रजापति को आरोपित बंधक बनाए हुए थे। आपस में बातचीत करने से मना किया। जान से मारने की धमकी देकर जबरन 28-28 हजार रुपये वसूल लिए। शुक्रवार की रात किसी तरह मौका पाकर सभी वहां से भाग निकले। शनिवार को थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती बताई।
थाना प्रभारी गंगा सागर मिश्र की टीम ने रविवार की दोपहर मिले सुराग पर पतिराम जाटव को शीलता कॉलोनी स्थित एक भवन में दबिश देकर गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।
नौकरी के बहाने बंधक बनाकर वसूली के आरोप में एक गिरफ्तार

