जौनपुर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह सहायता योजना श्रमिक परिवारों के लिए आर्थिक संबल का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को उनकी पुत्रियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
विकासखंड जलालपुर के ग्राम सुल्तानपुर निवासी श्रमिक निर्मला देवी पत्नी दयाशंकर ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री के विवाह के लिए योजना के अंतर्गत आवेदन किया था। उन्हें 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई, जिससे विवाह समारोह का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सका। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण विवाह की तैयारियों को लेकर चिंता थी, लेकिन सरकार की इस योजना ने बड़ी मदद की।
इसी प्रकार विकासखंड सिरकोनी के ग्राम शेखआलम निवासी श्रमिक संग्राम चौहान को अपनी दो पुत्रियों के विवाह के लिए योजना के तहत 1 लाख 10 हजार रुपये की सहायता राशि मिली। उन्होंने बताया कि इस सहयोग से पुत्रियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में काफी सुविधा हुई और आर्थिक दबाव कम हुआ।
सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह सहायता योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। पात्र श्रमिकों को निर्धारित मानकों के अनुसार सहायता राशि सीधे उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जनपद में लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक योजना के लाभ से वंचित न रहे।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद जौनपुर में इस योजना के अंतर्गत 210 श्रमिक परिवारों को कुल 1 करोड़ 16 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। योजना का लाभ मिलने से श्रमिक परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौट रही है और बेटियों के विवाह की चिंता काफी हद तक कम हुई है।


