• Sun. May 31st, 2026

    जौनपुर पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न मामलों में 9 गिरफ्तार

    Jaunpur police
    Share

    जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत जनपद की विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास, अपहरण, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट तथा शांति भंग के मामलों में कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

    गौराबादशाहपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के वांछित आरोपी को दबोचा

    थाना गौराबादशाहपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े मुकदमे में वांछित भोलू पंडित उर्फ आनंद प्रकाश निवासी ईशापुर को केशवपुर क्रासिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र के नेतृत्व में की गई।

    पवारा पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो मामलों में पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

    थाना पवारा पुलिस ने हत्या के प्रयास से संबंधित दो अलग-अलग मुकदमों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

    पहले मामले में मुकदमा संख्या 101/2026 से संबंधित आरोपी नील कमल यादव और धीरज यादव को उनके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।

    वहीं दूसरे मामले में मुकदमा संख्या 100/2026 में वांछित साहेबे आलम, आफताब आलम और मोनू आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। दोनों कार्रवाइयाँ क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष पवारा के नेतृत्व में संपन्न हुईं।

    गौराबादशाहपुर पुलिस ने एक अन्य वांछित आरोपी को भी पकड़ा

    गौराबादशाहपुर पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में अपहरण से संबंधित मुकदमे में वांछित आदर्श उर्फ नान्हक निवासी असवारा को अमरा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था।

    सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाला गिरफ्तार

    थाना शाहगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका के मामले में परवेज आलम निवासी नजीराबाद, शाहगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट तत्काल हटवाते हुए आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।

    शांति भंग की आशंका में दो और गिरफ्तार

    शाहगंज पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से शांति भंग की आशंका के मद्देनजर विकाश मौर्य तथा अब्दूल रहमान खान को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed