जौनपुर। शाहगंज थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिस्ट्रीशीटर और शातिर अंतरजनपदीय गो-तस्कर बालक दास यादव को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 1:45 बजे बड़ागांव-कोहड़ा मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान कोहड़ा निवासी बालक दास यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर शाहगंज थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना शाहगंज का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ जौनपुर, चंदौली, देवरिया तथा गोंडा सहित विभिन्न जनपदों में गो-तस्करी, गैंगस्टर, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



