• Mon. Jul 13th, 2026

    27 जुलाई को रेल मार्ग से जौनपुर आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दीक्षांत समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट मोड में

    Share

    जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई को रेल मार्ग से जौनपुर पहुंचेंगी। इस बार उनका आगमन हेलीकॉप्टर के बजाय ट्रेन से प्रस्तावित है। कार्यक्रम की रूपरेखा सामने आते ही रेलवे पुलिस, जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा एवं अन्य तैयारियां तेज कर दी हैं।

    रेलवे पुलिस मुख्यालय तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे, प्रयागराज कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार राज्यपाल की प्रस्तावित रेल यात्रा को देखते हुए कानपुर, प्रयागराज और जौनपुर की जीआरपी को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों, यार्ड, रेल पटरियों तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के साथ स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

    राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह के दौरान वह मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां एवं पदक भी प्रदान करेंगी। उनके आगमन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। परिसर की साफ-सफाई, मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं प्रोटोकॉल से जुड़े सभी बिंदुओं पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

    राज्यपाल के रेल मार्ग से आगमन को देखते हुए जौनपुर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। स्टेशन परिसर में प्रवेश से लेकर आगमन और प्रस्थान तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे, ताकि राज्यपाल का दौरा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

    राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। जिला प्रशासन, पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed